हजारीबाग. पूर्व मुख्यमंत्री व जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसान के खेतों में पानी पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। प्रदेश में मजदूर किसान का समुचित उत्थान व विकास के लिए मेरी सरकार कृत संकल्पित होगी। प्रदेश में रोजगार सृजन के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ टेट पास पारा शिक्षकों को स्थायी करते हुए समुचित मानदेय देते हुए उनके वेतन में वृद्धि की जाएगी। बाबूलाल मरांडी सोमवार को बरही में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने राज्य की रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि रोजगार के नाम पर हाथी उड़ा कर बच्चों का खेल भाजपा सरकार खेलती रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार और उग्रवाद से जनता त्राहिमाम कर रही है। कानून का राज स्थापित करने में यह सरकार पूरी तरह फेल है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश की 11 लाख राशन कार्ड रद्द कर रघुवर सरकार ने गरीबों का शोषण किया है। किसी एजेंसी के जांच किए बिना गरीबों के राशन कार्ड, पेंशन जैसी सुविधाओं को खत्म करने का भाजपा सरकार तुगलकी फरमान जारी करती है।
उन्होंने ऐसे राजनेताओं व शासक वर्ग से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता उनका साथ देकर झारखंड विकास मोर्चा की सरकार प्रदेश में बनाएं, जिससे शिक्षित, सिंचित व स्वस्थ झारखंड का निर्माण किया जा सकेगा। जेवीएम बरही विधानसभा प्रत्याशी अरविंद यादव ने कहा कि विकास पुरुष बाबूलाल मरांडी के शासनकाल में आदिवासियों व मूलवासियों का समुचित उत्थान हुआ है। आज तक जनप्रतिनिधि बरही के लोगों को ठगने का काम किया है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा- झारखंड में सैकड़ों उद्योग धंधे सरकार की लापरवाही से बंद हो गए। पिछले पांच वर्षों में सरकार बेरोजगारी दूर करने की कोई योजना नहीं चलाई है। बरही में पेयजल संकट से जनता जूझ रही है। इस बार यहां की जनता बरही के बेटा को जिताने का मूड बना ली हैं।